मधुबनी। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर शनिवार शाम बेनीपट्टी प्रखंड के परकौली पंचायत स्थित राणा टोल पहुंचे। उन्होंने मंडल कारा में मृत बंदी रौशन कुमार यादव के शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा। इस दौरान मृतक की मां और बहन ने उन्हें घटना से जुड़ी पूरी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि जेल में रौशन के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच की गुहार लगाते हुए कहा, आप ही हमें न्याय दिला सकते हैं। प्रशांत किशोर ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का पूरा भरोसा दिया।
जेल में हुई थी मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
अरेर थाना क्षेत्र के परकौली राणा टोल निवासी रामदयाल यादव के 20 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार यादव को दो महीने पहले रहिका थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेजा था। रहिका थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप के अनुसार, रौशन के पास से हथियार बरामद हुआ था और उसका पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है।
परिजनों का कहना है कि वे तीन दिन पहले रामपट्टी स्थित मंडल कारा में रौशन से मिलने गए थे, तब उसकी तबीयत बिल्कुल सामान्य थी। इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने या मौत की कोई आधिकारिक सूचना उन्हें नहीं दी गई। सोमवार को रहिका थाना पुलिस ने फोन कर उन्हें रौशन की मौत की खबर दी।
बहन की दर्दभरी दास्तान: 7 दिनों से भाई को ढूंढ रहे थे
मुलाकात के दौरान प्रशांत किशोर ने जब मृतक की बहन से पुलिस के बर्ताव के बारे में पूछा, तो उसने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। बहन ने बताया कि वे लोग पिछले 7 दिनों से अपने भाई को ढूंढ रहे थे, लेकिन पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी।
किसी तरह उन्हें पता चला कि रौशन को रहिका थाना में रखा गया है। जब वे वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भगाने का प्रयास किया। थाने के पीछे पानी पीने जाने के दौरान उन्हें अपने भाई की एक झलक दिखाई दी। उन्होंने भाई से मिलने की मिन्नतें कीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग
प्रशांत किशोर के गांव पहुंचते ही वहां भारी संख्या में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और मामले की सच्चाई सामने लाने की जोरदार मांग की।
इस संवेदनशील मौके पर जिला अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा, जिला महामंत्री शमशुल हक, पूर्व जिला अध्यक्ष इंदुशेखर झा, संभावित मुखिया प्रत्याशी संतोष मिश्रा, गोपाल झा और समाजसेवी संजय कुमार झा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।


