कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए आज मंगलवार (6, अक्टूबर) को नॉमिनेशन का आखिरी दिन है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की उम्मीदवार डॉ. दिव्या ज्योति ने अपना नामंकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे। डॉ. दिव्या ज्योति के मैदान में उतरने से पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने का वादा

नामांकन के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, बिहार में बदलाव की शुरुआत जो बांकीपुर से हुई है, वो रुकने वाली नहीं है। लोग सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार को स्वीकार नहीं करेंगे। शिक्षक और स्नातक, जो बिहार के सबसे पढ़े-लिखे उम्मीदवार मतदाता हैं, वो हर हालत में बिहार में बदलाव और बेहतरी के लिए वोट करेंगे, सम्राट चौधरी को हटाने के लिए वोट करेंगे।

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि, वह शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलवाएंगे और यहां पर जो स्नातक बेरोजगार हैं, उनके लिए नौकरी की जो व्यवस्था बन सकती है, वो करेंगे।

नीरज कुमार के हारने का किया दावा

वहीं, पटना स्नातक सीट से चुनाव लड़ रहे नीरज कुमार पर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि, नीरज कुमार इतने साल से एमएलसी हैं, इसीलिए तो हारेंगे, जब वे वेतनमान दिला नहीं सकते, यादवों की हत्या-समाज में अत्याचार पर मुंह नहीं खोलते, तो आज किस मुंह से वोट मांग रहे हैं, जिन नीतीश कुमार के नाम पर वह वोट मांग रहे हैं, अगर नीतीश कुमार कैमरे पर आकर उनके समर्थन में बोल दें तो जन सुराज अपना प्रत्याशी वापस ले लेगा।

गौरतलब है कि पटना स्नातक सीट पर जन सुराज ने अनुज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिनका समर्थन जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह भी कर रहे हैं।

रूलिंग पार्टी में मची है भगदड़- पीके

वहीं, MLC चुनावी माहौल पर बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि, भगदड़ कहां है? भगदड़ रूलिंग पार्टी में है, वो लोग सोच रहे हैं कौन छोड़कर भागा, कौन नहीं! जन सुराज पूरी ताकत के साथ खड़ा है, दूसरे दलों की ताकत भी जन सुराज के पीछे है, शिक्षकों और स्नातकों ने मन बना लिया है कि सम्राट चौधरी के खिलाफ वोट करना है, बिहार में बेहतर शिक्षा, शिक्षकों को सम्मान और वेतनमान चाहिए, तो जन सुराज को जिताना होगा।

ये भी पढ़ें- ‘…तो फिर से बिगड़ सकते हैं हालात’, बाढ़ को लेकर डिप्टी CM विजय चौधरी ने दी चेतावनी