मुजफ्फरपुर, कुमार उत्तम। जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर के रामदयालु स्थित एक होटल सभागार में आयोजित ‘तिरहुत शिक्षक-स्नातक संवाद’ को संबोधित किया। चुनाव प्रचार की अंतिम समय सीमा से ठीक पहले शाम 4:40 बजे पहुंचे प्रशांत किशोर ने शाम 5 बजे तक अपने संबोधन को पूरी दृढ़ता के साथ समाप्त किया। इस दौरान उन्होंने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी श्याम नंदन यादव और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार के पक्ष में समर्थन जुटाते हुए कई बड़े चुनावी ऐलान किए।

​शिक्षकों को लोकसभा चुनाव से पहले 7वां वेतनमान दिलाने का संकल्प

​प्रशांत किशोर ने मुख्य रूप से शिक्षकों के अधिकारों पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षकों को लोकसभा चुनाव से पहले 7वां वेतनमान दिलाना उनकी मुख्य जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि वे यह वादा पूरा नहीं कर पाए, तो जनता के बीच वोट मांगने दोबारा नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने शिक्षकों को 30 से अधिक अलग-अलग संघों में बांटकर कमजोर कर दिया है। यदि बिहार के 6 लाख शिक्षक जाति, धर्म और संघों की सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट हो जाएं और एक साल तक लगातार आंदोलन चलाएं, तो देश और राज्य की किसी भी सरकार को झुकना ही पड़ेगा और 7वां वेतनमान देना होगा। उन्होंने किसानों के आंदोलन और जंतर-मंतर के उदाहरण देते हुए कहा कि एकजुटता से बड़ी से बड़ी सरकार को भी रास्ता निकालने के लिए मजबूर किया जा सकता है।

​युवाओं के लिए 10 हजार नौकरियों की गारंटी

​स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को सरकार बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि सत्ता को जवाबदेह बनाने का जरिया बताते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यह चुनाव जनता के बच्चों के भविष्य और रोजगार का है। उन्होंने घोषणा की कि स्नातक क्षेत्र में जन सुराज के प्रत्याशी की जीत के बाद इस क्षेत्र के 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर निजी नौकरियां दिलाई जाएंगी, जिसकी पूरी व्यक्तिगत गारंटी उनकी अपनी होगी। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन नंबर जारी होने के बाद से ही हजारों शिक्षक इस अभियान से जुड़ चुके हैं और अब जनप्रतिनिधियों से रोजगार और वेतनमान पर कड़े सवाल पूछे जा रहे हैं।

​जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर बदलाव का आह्वान

​अपने संबोधन के अंत में प्रशांत किशोर ने जनता से अपील की कि वे अब तक नेताओं, पार्टियों और जातियों को जिताते आए हैं, लेकिन इस बार अपने और अपने बच्चों के भविष्य को जिताएं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और भाजपा के डर या जाति-धर्म के आधार पर वोट देने की संस्कृति ने ही बिहार को बदहाली की स्थिति में पहुंचाया है। भ्रष्टाचार, अपराध और जनसमस्याओं पर अंकुश लगाने के लिए जनता को तिरहुत क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवारों श्याम नंदन यादव और डॉ. विमोहन कुमार को भारी मतों से विजयी बनाना चाहिए। इस संवाद कार्यक्रम के दौरान विनिता विजय, इंद्रभूषण अशोक, और जिला अध्यक्ष लाल बाबू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।