Bihar News: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने हालही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को बिहार सरकार के स्कूल में एडमिशन लेने और 10वीं की परीक्षा पास करने की सलाह दी थी। मिथिलेश तिवारी के इस बयान पर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया सामने आई है। पीके ने शिक्षा मंत्री के बयान पर तंज कसते हुए कहा है कि, अगर उन्होंने तेजस्वी को 10वीं पास करने का सुझाव दिया है, तो हमें लगता है कि अगली कैबिनेट बैठक में वह सम्राट चौधरी को यह सुझाव देंगे कि तेजस्वी यादव के साथ सम्राट चौधरी भी 10वीं की परीक्षा दें।
‘तेजस्वी के साथ सम्राट भी हो 10वीं पास’
प्रशांत किशोर ने कहा कि, मैं तो बिहार की जनता की ओर से पढ़े-लिखे युवाओं की ओर से आग्रह करूंगा कि यहां के नेता सम्राट चौधरी और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव दोनों अगली बार 10वीं का एग्जाम देकर पास हो जाएं, ताकि यहां के लोगों को यह विश्वास हो कि ये नेता भी मैट्रिक भी अपने दम पर पास कर सकते हैं। तेजस्वी ने भले ही शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी हो, लेकिन प्रशांत किशोर ने इसी बहाने सीएम सम्राट और तेजस्वी दोनों पर निशाना साधने का काम किया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल तेजस्वी यादव ने पटना में जारी छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सीएम सम्राट को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों को मानने की अपील करने के साथ ही कुछ सुझाव दिए थे, जिसपर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने तंज कसा था।
तेजस्वी के पत्र और सुझाव पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, मुझे यह सुनकर हैरानी हुई कि जिस इंसान ने 10वीं की बोर्ड की परीक्षा तक नहीं दी, वो परीक्षा पर सुझाव दे रहे हैं। इसी वजह से में तेजस्वी जी को फिर कहूंगा कि एक बार हमारे बिहार सरकार के स्कूल में दाखिला लीजिए, 10वीं पास कीजिए और फिर आकर हमें परीक्षा पर सुझाव दीजिए। हमें आपका सुझाव बहुत अच्छा लगेगा।
ये भी पढ़ें- नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद अलर्ट पर बिहार, गंडक में आ सकती है 3 मीटर ऊंची लहर, प्रशासन ने कसी कमर


