कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। तिरहुत शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने एक बार फिर बिहार की राजनीति पर तीखा प्रहार किया। मुजफ्फरपुर क्लब में आयोजित इस सभा में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्याम नंदन यादव और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. विमोहन के नामांकन का समर्थन करते हुए उन्होंने जनता से बदलाव के लिए वोट करने की अपील की।

​सरकार को जवाबदेह बनाने का चुनाव

प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि यह एमएलसी चुनाव किसी सरकार को बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि सत्ता को जवाबदेह बनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरहुत के शिक्षक और स्नातक भ्रष्टाचार और पलायन से त्रस्त हैं। जनता को यह समझना होगा कि यह चुनाव केवल 5 किलो अनाज या नोटों के दम पर वोट खरीदने वालों को सबक सिखाने और उनके गलत कार्यक्रमों पर अंकुश लगाने का है। अब जनता जाग चुकी है और उनके सामने एक मजबूत विकल्प मौजूद है।

​शिक्षकों और स्नातकों के लिए दो बड़े संकल्प

पीके ने इस दौरान दो प्रमुख घोषणाएं कीं:

  • ​सातवां वेतनमान: पिछले 30 वर्षों से संघर्ष कर रहे शिक्षकों को लोकसभा चुनाव से पहले सातवां वेतनमान दिलाना जन सुराज की मुख्य जिम्मेदारी होगी।
  • ​रोजगार के अवसर: तिरहुत के युवाओं को बेरोजगारी और पलायन से मुक्ति दिलाने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और विशेष सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।

​मौजूदा एमएलसी डॉ. संजय कुमार सिंह की प्रतिक्रिया

दूसरी ओर, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी व उम्मीदवार डॉ. संजय कुमार सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव कभी आसान नहीं होते, लेकिन उन्होंने हमेशा शिक्षकों के हित में काम किया है इसलिए उन्हें कोई चिंता नहीं है। हालांकि, उन्होंने चिंता जताई कि गैर-शिक्षक उम्मीदवारों के मैदान में आने से शिक्षकों की वास्तविक समस्याओं को समझने और सुलझाने में कठिनाई आ सकती है।
​इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, जिलाध्यक्ष लाल बाबू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।