प्रयागराज. जिले के मांडा थाना क्षेत्र स्थित उमापुर कला गांव में शनिवार शाम दर्दनाक रेल हादसा हुआ. रेलवे ट्रैक के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से 40 वर्षीय महिला कस्तूरा देवी और उनकी करीब 3-4 साल की बेटी देविका की मौके पर ही मौत हो गई.
मांडा थाना प्रभारी कुलदीप कुमार शर्मा के अनुसार, कस्तूरा देवी अपनी बीमार बेटी को दवा दिलाने के लिए टिकरी बकर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान रेलवे लाइन के पास बच्ची खेलते हुए अचानक पटरी की तरफ चली गई.
बच्ची को बचाने दौड़ी मां
सामने से मालगाड़ी आती देखकर कस्तूरा देवी अपनी बेटी को बचाने के लिए रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ीं. प्रयास के बावजूद दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गईं और घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. घटनास्थल पर कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलने पर मांडा थाना प्रभारी कुलदीप कुमार शर्मा और दिघिया चौकी प्रभारी अक्षय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की.
इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि मालगाड़ी की चपेट में आने से मां और बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हुई है.
पुलिस के मुताबिक मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे की जांच जारी है.


