प्रयागराज. एसआरएन अस्पताल से दवा लेकर लौट रही महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि ऑटो चालक महिला को घूरपुर छोड़ने के बजाय करछना के सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. महिला ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.
इसे भी पढ़ें- गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर आ रहा मैसेज? APK डाउनलोड किया तो गंवा देंगे लाखों
घूरपुर के बजाय सुनसान इलाके में ले गया
पीड़िता लालापुर क्षेत्र की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि उसका पति नौकरी के सिलसिले में बाहर रहता है. 24 सितंबर को वह दवा लेने एसआरएन अस्पताल आई थी. लौटते समय नए पुल से घूरपुर जाने के लिए वह टैम्पो में बैठी. महिला ने चालक को अपना गंतव्य बताया था. आरोप है कि चालक उसे घूरपुर ले जाने के बजाय करछना क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले गया.
दो अन्य लोगों के साथ दुष्कर्म का आरोप
महिला के मुताबिक, सुनसान स्थान पर पहले से दो लोग मौजूद थे. आरोप है कि चालक और दोनों लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के बाद आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गए. घटना के बाद महिला ने पुलिस से संपर्क किया.
तीन थानों के चक्कर के बाद FIR
पीड़िता के अनुसार, वह शिकायत लेकर कीडगंज, घूरपुर और करछना थाने गई, लेकिन तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं हुआ. इसके बाद 28 सितंबर को उसने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर FIR दर्ज कराने और मेडिकल जांच कराने की मांग की. अधिकारियों के निर्देश के बाद कीडगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया.
इसे भी पढ़ें- रामपुर में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को सिलबट्टे से कूच दिया, बच्चों को कमरे में बंद कर हुआ फरार
एक आरोपी जेल भेजा, दो की तलाश
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान और उसकी कथित भूमिका की विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है. घटना के चार दिन बाद FIR दर्ज होने को लेकर भी सवाल उठे हैं. थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने से पहले विस्तृत जानकारी नहीं दी जा सकती.

