रामपुर. स्वार कोतवाली क्षेत्र के मझरा सीतारामपुर गांव में रविवार (4 अक्टूबर) रात घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या कर दी गई. आरोप है कि पति धर्मेंद्र सैनी (35) ने घर में रखे सिलबट्टे से पत्नी रीना सैनी (30) के सिर पर कई वार किए. गंभीर चोट लगने से रीना की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी पत्नी के शव और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया.
कहासुनी के बाद सिलबट्टे से हमला
परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र रविवार शाम नरपतनगर स्थित अपनी पेस्टीसाइड की दुकान बंद कर घर पहुंचा था. रात में किसी घरेलू बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया. आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर उसने सिलबट्टे से रीना के सिर पर हमला कर दिया. कुछ देर बाद वह घर से निकल गया.
बच्चों को कमरे में बंद कर लगाया ताला
वारदात के बाद आरोपी ने रीना के शव और दोनों बच्चों रुद्र (5) व गीतिका (2) को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया. इसके बाद उसने गांव के एक दुकानदार को घटना की जानकारी दी. दुकानदार ने प्रधान पति को बताया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाया और दोनों बच्चों को बाहर निकाला.
भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ केस
रीना के भाई शुभम सैनी ने पुलिस को तहरीर देकर अपने जीजा पर हत्या का आरोप लगाया है. उसने बताया कि रात करीब साढ़े सात बजे एक ग्रामीण ने फोन कर बहन और बहनोई के बीच विवाद की जानकारी दी थी. परिवार के लोग पहुंचे तो घर के मुख्य गेट पर ताला लगा था. अंदर रीना खून से लथपथ मृत मिली. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें- मायावती का बड़ा एक्शन, उत्तराखंड में बदला अध्यक्ष; यूपी में भी संगठन फेरबदल की अटकलें
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना पर स्वार कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा, चौकी प्रभारी सोहनपाल सिंह और टांडा सीओ पंकज पंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. आरोपी धर्मेंद्र गांव की पूर्व प्रधान लक्ष्मी सैनी का भतीजा बताया गया है. घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

