लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने रविवार (4 अक्टूबर) को उत्तराखंड की स्टेट यूनिट के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के बाद पार्टी ने संगठन में बदलाव करते हुए नरेश गौतम को उत्तराखंड का प्रदेश अध्यक्ष बनाया. इससे पहले अनिल कुमार इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. वहीं, उत्तराखंड के प्रभारी रहे दिनकर को लखनऊ और फैजाबाद मंडलों में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है.

इसे भी पढ़ें- ‘योगी की पाती’ में पितृ पक्ष का संदेश, बोले- स्वच्छता अपनाएं और जलभराव न होने दें

उत्तराखंड में तीन नेताओं को प्रभारी की जिम्मेदारी

बसपा सूत्रों के मुताबिक, उत्तराखंड संगठन के लिए मुनकाद अली, उमाशंकर और अनिल कुमार को प्रभारी बनाया गया है. बैठक में मायावती ने राज्य में संगठन को मजबूत करने और पार्टी के अभियान को सक्रिय करने को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की. उन्होंने आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए.

SIR में कटे नामों को दोबारा जुड़वाने का निर्देश

बैठक में उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद करीब 9 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने को लेकर मायावती ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि गलत तरीके से हटाए गए नामों को दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पार्टी स्तर पर अभियान चलाया जाना चाहिए.

गरीब और कमजोर तबकों पर खास जोर

मायावती ने कहा कि SIR की प्रक्रिया के बाद गरीब, युवा, महिलाओं और कमजोर वर्ग के लोग मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित न रह जाएं. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जरूरी प्रयास करने को कहा. बसपा इस मुद्दे को संगठनात्मक स्तर पर उठाने की तैयारी में है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश थमी, फिर भी 11 जिलों में बाढ़; 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

9 अक्टूबर को कांशीराम पुण्यतिथि की तैयारी

बैठक में उत्तर प्रदेश के संगठन को लेकर भी चर्चा हुई. यूपी में कई मंडलों के प्रभारी और कमेटियों के पदाधिकारियों में बदलाव की अटकलें हैं. पार्टी की ओर से सोमवार तक इस संबंध में पत्र जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि 9 अक्टूबर को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है. मायावती ने सभी 18 मंडलों से कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पदाधिकारियों को लखनऊ स्थित मान्यवर कांशीराम स्मारक पहुंचने के निर्देश दिए हैं.