लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के जरिए प्रदेशवासियों से पितृ पक्ष के दौरान पूर्वजों को याद करने के साथ उनके दिए संस्कारों और विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की है. उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और जलभराव रोकने पर भी जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज से ही विकसित उत्तर प्रदेश का सपना साकार होगा.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश थमी, फिर भी 11 जिलों में बाढ़; 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

पितृ पक्ष को बताया पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का अवसर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पितृ पक्ष सनातन परंपरा में अतीत से वर्तमान और भविष्य को जोड़ने वाली जीवन-दृष्टि का हिस्सा है. इस दौरान श्राद्ध और तर्पण के जरिए लोग अपने पूर्वजों का स्मरण करते हैं और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि पिंडदान हमें पूर्वजों के तप, त्याग, परिश्रम और संस्कारों के योगदान की याद दिलाता है.

बुजुर्गों के सम्मान और संस्कार आगे बढ़ाने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से परिवार के वृद्धजनों का सम्मान करने और बच्चों को अपनी परंपराओं व संस्कारों से परिचित कराने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि पूर्वजों से मिली विरासत को संरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों को उससे अधिक समृद्ध विरासत सौंपना भी जिम्मेदारी है.

संचारी रोग नियंत्रण और ‘दस्तक’ अभियान पर जोर

योगी ने बताया कि प्रदेश में 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक ‘दस्तक’ अभियान चलाया जाएगा. स्वास्थ्यकर्मी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्वच्छता, बीमारी के लक्षणों की पहचान और समय पर इलाज के लिए जागरूक करेंगे. सरकार के अनुसार, इंसेफेलाइटिस के खिलाफ लंबे समय से चल रहे अभियानों से पूर्वी यूपी में बीमारी के मामलों और मौतों में बड़ी कमी आई है.

इसे भी पढ़ें- यूपी-उत्तराखंड के युवाओं के लिए अग्निवीर बनने का सुनहरा मौका! कल से महाभर्ती शुरू; चेक करें अपने जिले की तारीख-जरूरी गाइडलाइन्स

स्वच्छता को दिनचर्या बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने आसपास झाड़ियां नहीं उगने देने, जलभराव रोकने और बुखार जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि ‘दस्तक’ अभियान को हर घर में स्वास्थ्य जागरूकता का माध्यम बनाया जाए. उन्होंने स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज को विकसित उत्तर प्रदेश की बुनियाद बताया.