फरिदाबाद। शहर में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। आठ महीने की गर्भवती महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति ने ही की थी। हत्या के बाद आरोपी ने घर से गहने गायब कर दिए ताकि पुलिस को लूटपाट का शक हो।

चरित्र पर शक के चलते हुआ खूनी संघर्ष
यह घटना हरियाणा के फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी की है। दिल्ली के मीठापुर की रहने वाली नमिता की शादी नवंबर 2025 में रंजीत से हुई थी। शादी के महज नौ महीने बाद ही यह खौफनाक वारदात सामने आ गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। बाइस जुलाई को उसने पत्नी को फोन पर किसी से बात करते देख लिया था, जिसके बाद दोनों के बीच जोरदार झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर पति ने चुन्नी से गला घोंटकर पत्नी की जान ले ली।
लूटपाट का नाटक और पुलिस की कार्रवाई
वारदात को छुपाने के लिए आरोपी ने घर का सारा सामान बिखेर दिया और सोने के गहने छिपाकर चोरी की झूठी कहानी रची। परिवार वालों को लगा कि लूटपाट के दौरान यह हत्या हुई है। लेकिन अस्पताल में शव की जांच के दौरान गले पर निशान मिलने से सारा सच सामने आ गया। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर छह दिन के रिमांड पर लिया है और इस मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी को जांच सौंपी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

