बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में अधिकारियों की अनिवार्य सेवानिवृत्ति को लेकर विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंपनी की योजना के तहत 50 वर्ष से अधिक उम्र या 30 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अधिकारियों की सत्यनिष्ठा, कार्यकुशलता और आचरण की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के आधार पर कंपनी में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के उद्देश्य से अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जा सकती है।

झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के GM पर कार्रवाई

इस प्रक्रिया के तहत बोकारो स्टील प्लांट के अधीन संचालित झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के महाप्रबंधक (सिविल) को सेल प्रबंधन ने अनिवार्य सेवानिवृत्ति देते हुए कंपनी की सेवा से मुक्त कर दिया है।

सेल मुख्यालय की ओर से विभिन्न इकाइयों में गठित आंतरिक स्थायी समितियों की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। कंपनी के आचरण, अनुशासन और अपील नियमों में निर्धारित प्रावधानों के तहत प्रशासनिक दक्षता के लिए समय से पहले अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है।

अन्य इकाइयों के अफसर भी रडार पर

झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के बाद सेल की दूसरी इकाइयों में भी कुछ अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दिए जाने की तैयारी है। इसके लिए संभावित अधिकारियों की सूची लगभग तैयार होने की बात कही जा रही है।

2025 में 11 अधिकारियों पर हुई थी कार्रवाई

सेल में वर्ष 2025 के दौरान 11 अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देकर कंपनी की सेवा से मुक्त किया गया था। इनमें से कुछ अधिकारियों ने इस कार्रवाई के खिलाफ देश के अलग-अलग न्यायालयों का रुख किया है। हालांकि, इन मामलों में अब तक कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।अब 2026 में दोबारा अनिवार्य सेवानिवृत्ति की प्रक्रिया शुरू होने से सेल के अधिकारी वर्ग में चिंता बढ़ गई है।

कर्मचारियों पर भी लागू हो सकती है नई नीति

सेल प्रबंधन वित्त वर्ष 2026-27 में नई मूल्यांकन नीति लागू कर रहा है। इसके तहत खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान कर सेवामुक्ति या मैनपावर को युक्तिसंगत बनाने की प्रक्रिया तेज किए जाने की तैयारी है।

यानी आने वाले समय में अनिवार्य सेवानिवृत्ति की प्रक्रिया के दायरे में केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि सेल के कर्मचारी भी आ सकते हैं।

अविनाश झा होंगे BSL के नए GM-Personal

इधर, सेल के रांची स्थित सेंटर फॉर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CET) में कार्यरत महाप्रबंधक कार्मिक अविनाश झा का तबादला बोकारो स्टील प्लांट में GM-Personal के पद पर किया गया है। इस संबंध में सेल मुख्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

अविनाश झा इससे पहले बोकारो स्टील प्लांट में DGM-Personal के पद पर कार्यरत थे। बाद में उनका तबादला रांची कर दिया गया था। कार्मिक विभाग में उन्हें अनुभवी और कुशल अधिकारी माना जाता है।

बीएसएल के GM-Personal एच. शेखर को CGM पद पर पदोन्नति मिलने के बाद यह पद रिक्त हुआ था। वहीं, बीएसएल की GM-Personal (गैर-संकार्य सेवाएं) नीना सिंह भी इसी वर्ष अक्टूबर में सेवानिवृत्त होने वाली हैं। ऐसे में सेल प्रबंधन ने कार्मिक विभाग में नई जिम्मेदारी के लिए अविनाश झा पर भरोसा जताया है।