राजेश वर्मा, नारायणगढ़। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर एसडीएम शिवजीत भारती ने मंगलवार को उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

नारायणगढ़ और शहजादपुर में होंगे मुख्य कार्यक्रम

एसडीएम ने बताया कि उपमंडल के नारायणगढ़ और शहजादपुर में ब्लॉक स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि योग को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

19 जून को होगी पायलट रिहर्सल

योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 19 जून को ब्लॉक स्तर पर पायलट रिहर्सल आयोजित की जाएगी। अधिकारियों को रिहर्सल के दौरान सभी व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

योग केवल कार्यक्रम नहीं, जन आंदोलन है

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम शिवजीत भारती ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और निरोगी जीवनशैली अपनाने का जन आंदोलन है। योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है।

मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था के निर्देश

एसडीएम ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल व्यवस्था,स्वच्छता,चिकित्सा सहायता,पार्किंग,सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

योग से मिलेगा स्वस्थ जीवन का संदेश

उन्होंने कहा कि नियमित योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, तनाव कम होता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। योग स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है।
एसडीएम ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और आयुष विभाग के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।