संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकार अग्निवीरों को यूनिफॉर्म सर्विस में आरक्षण देने की तरह बढ़ रही है। पुलिस सामान्य आरक्षक, जेल प्रहरी और वनरक्षक के मौजूदा आरक्षण में कटौती की तैयारी है। प्रदेश सरकार मौजूदा आरक्षण का गणित बदलने जा रही है। सामान्य आरक्षक भर्ती में होमगार्ड का आरक्षण 15% है। होमगार्ड के 15% आरक्षण को घटाकर 10% करने की तैयारी है। पूर्व सैनिकों का 10% आरक्षण घटाकर 7.5 % करने का प्रस्ताव है। इसमें 7.5 % पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगे।

जेल प्रहरी, वनरक्षक के पदों पर होमगार्ड को मिलने वाला 30% आरक्षण को घटाकर 20% किया जाएगा। इससे निकले 10% पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगे। प्रस्ताव को सितंबर में कैबिनेट में पेश करने की तैयारी है। अग्निवीरों का पहला बैच दिसंबर 2026, जनवरी 2027 में चार साल की सेवा पूरी करेगा। जनवरी-फरवरी में प्रदेश की यूनिफॉर्म सर्विस की भर्तियां शुरू करने तैयारी है।

ये भी पढ़ें: MP में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला, कई अफसरों को अतिरिक्त प्रभार; आदेश जारी…

सामान्य पुलिस आरक्षक में होमगार्ड आरक्षण के नियम पहले भी बदले गए

सामान्य पुलिस आरक्षक में होमगार्ड आरक्षण के नियम पहले भी बदले हैं। वर्ष 2017 में होमगार्ड का आरक्षण 15% से बढ़ाकर 30% किया गया था। बाद के भर्ती नियमों में यह फिर 15% रहा। अब 2026 में सरकार मौजूदा 15% आरक्षण को घटाकर 10% करने की तैयारी में है। यानी होमगार्ड के आरक्षण में फिर 5 प्रतिशत अंक की कटौती प्रस्तावित है। पुलिस सामान्य आरक्षक भर्ती में भूतपूर्व सैनिकों के लिए 10% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान वर्ष 1999 से चला आ रहा है। अब 2026 में सरकार इसे घटाकर 7.5% करने का प्रस्ताव तैयार कर रही है। यानी भूतपूर्व सैनिकों के आरक्षण में 2.5 प्रतिशत अंक की कटौती प्रस्तावित है।

ये भी पढ़ें: इंदौर में होगा राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम: 12 सितंबर की तैयारी, जीतू पटवारी ने बुलाई कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक

जेल प्रहरी वनरक्षक भर्ती के पिछले होमगार्ड आरक्षण के गणित को समझिए

जेल प्रहरी और वनरक्षक भर्ती में भी होमगार्ड के आरक्षण का इतिहास रहा है। वर्ष 2014 में मध्यप्रदेश सरकार ने होमगार्ड/नगर सैनिकों के लिए इन पदों पर 30% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया था।अब अग्निवीरों को आरक्षण देने के लिए सरकार इसी 30% कोटे को घटाकर 20% करने और 10% पद अग्निवीरों के लिए रखने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। यानी 2014 में लागू 30% आरक्षण में अब 10 प्रतिशत अंक की कटौती प्रस्तावित है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m