शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के प्रमुख एजुकेशन हब इंदौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 12 सितंबर को प्रस्तावित इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और तैयारियों की समीक्षा के लिए राहुल गांधी की विशेष टीम दिल्ली से इंदौर पहुंच रही है। वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज इंदौर में दोपहर 3 बजे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।
इंदौर को प्राथमिकता देने की यह है बड़ी वजह
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए पहले जबलपुर के नाम पर विचार किया जा रहा था। हालांकि, बाद में इंदौर को प्राथमिकता दी गई- इंदौर मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा शैक्षणिक केंद्र है, जहां देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV), आईआईटी (IIT), आईआईएम (IIM) समेत दर्जनों प्रतिष्ठित कॉलेज और विश्वविद्यालय मौजूद हैं। इंदौर में प्रदेशभर के लाखों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रुकते हैं। ऐसे में यहां कार्यक्रम आयोजित करने से कांग्रेस को व्यापक छात्र समर्थन मिलने की उम्मीद है।
आगामी छात्र संघ चुनाव और युवा वोट बैंक पर नजर
कांग्रेस का मुख्य फोकस आगामी छात्र संघ चुनावों के साथ-साथ प्रदेश के विशाल युवा वोट बैंक को साधने पर है। ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम के जरिए राहुल गांधी सीधे विद्यार्थियों और युवाओं से उनके मुद्दों, जैसे—पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
शाम तक लगेगी अंतिम मुहर
कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ प्राथमिक चर्चा पूरी हो चुकी है। आज जीतू पटवारी की बैठक के बाद शाम तक कार्यक्रम स्थल और रूपरेखा पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


