सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा के करनाल ने निर्यात के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता एडीसी डॉ. राहुल रईया ने की, जिसमें जिले को एक्सपोर्ट हब बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिले की बनेगी विस्तृत एक्सपोर्ट प्रोफाइल

बैठक के दौरान एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे जिले की एक विस्तृत एक्सपोर्ट प्रोफाइल तैयार करें। इसके साथ ही जिले के सभी निर्यातकों की एक सटीक सूची बनाने को कहा गया है, ताकि स्थानीय उद्योगों और उद्यमियों को सही दिशा में बढ़ावा दिया जा सके। सरकार की तरफ से निर्यातकों के लिए जितनी भी योजनाएं चलाई जा रही हैं, अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका लाभ हर पात्र उद्यमी तक समय पर पहुंचे।

चुनौतियों को दूर कर व्यापार को मिलेगी नई गति

एडीसी ने अधिकारियों से कहा कि व्यापार और निर्यात के रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं और चुनौतियों की पहचान की जाए। उनका समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए ताकि स्थानीय व्यापार को एक नई रफ्तार मिल सके। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले की निर्यात क्षमता का सही आंकलन करके नए उत्पादों और नए बाजारों की तलाश करना है।

हर महीने होगी प्रगति की समीक्षा

प्रशासन ने यह भी तय किया है कि जिला एक्सपोर्ट एक्शन प्लान जल्द से जल्द तैयार किया जाए। इसकी प्रगति और कामकाज की समीक्षा के लिए अब हर महीने एक नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मौजूद उद्यमियों से यह भी कहा गया कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में दें ताकि उनका तुरंत समाधान किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m