० दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से करें परहेज

राजेश वर्मा,नारायणगढ़।भीषण गर्मी के इस दौर में लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। बढ़ते तापमान के कारण लोग हीट वेव यानी लू की चपेट में आ रहे हैं। समय रहते सावधानी अपनाकर इस समस्या से बचा जा सकता है। नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ के एसएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है, ताकि बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सके।

उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में इन दिनों हीट वेव का असर लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से वे लोग जो ठंडे क्षेत्रों से गर्म इलाकों में आते हैं, उन्हें लू लगने का खतरा अधिक रहता है। लू लगने पर मतली, तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी, दस्त और चक्कर आने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं।

डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि अस्पताल में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। साथ ही अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी लू से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

लू लगने के प्रमुख संकेत
० अचानक अत्यधिक थकान महसूस होना
० शरीर का तापमान बढ़ना
० सिरदर्द और चक्कर आना
० बेहोशी या कमजोरी महसूस होना
० उल्टी या दस्त की शिकायत
० मांसपेशियों में खिंचाव या ऐंठन

उन्होंने कहा कि हीट वेव के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, जिससे व्यक्ति अचानक बेहोश भी हो सकता है।

लू से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
० घर के अंदर ठंडक और पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें।
० दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
० बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का उपयोग करें।
० सिर, चेहरा और गर्दन को ढककर रखें।
० हल्के रंग और फुल बाजू वाले कपड़े पहनें।
० फील्ड में काम करने वाले लोग ओआरएस और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करते रहें।
० खीरा, ककड़ी और नारियल पानी को अपने भोजन में शामिल करें।

इन बातों से करें परहेज
० बिना जरूरी काम के दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर न निकलें।
० अधिक चाय, कॉफी और शराब के सेवन से बचें, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है।
० तेज धूप से आने के तुरंत बाद बहुत ठंडी चीजें न खाएं-पीएं।
० खाली पेट घर से बाहर न निकलें।
० लंबे समय तक धूप में रहने से बचें।
० एसी से निकलकर तुरंत तेज गर्मी में न जाएं और बाहर से आने के तुरंत बाद एसी में न बैठें।