हिसार: जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश अत्री को पुलिस ने 19 दिन बाद गुजरात के जूनागढ़ से गिरफ्तार कर लिया। हिसार एसटीएफ ने उसे उसके दो साथियों के साथ पकड़ा है। रमेश अत्री उचाना से बीजेपी विधायक देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

रमेश अत्री की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खाप और किसान संगठनों ने काफी दिनों तक आंदोलन किया था। जीवन कुंडू के शव का अंतिम संस्कार भी रोक दिया गया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विधायक का रिश्तेदार होने के कारण मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है।

15 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सैनी के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के विरोध के दौरान भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। हालात को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था।

इसके बाद मुख्यमंत्री की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद हत्याकांड के 15वें दिन गांव किनाला में जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार किया गया।

गोबर डालने के विवाद में हुई थी हत्या

जानकारी के मुताबिक, 4 अगस्त को गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पड़ोस के 10-12 लोगों ने डेयरी संचालक जीवन कुंडू को घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस के साथ भी उनकी झड़प हुई थी।

9 आरोपी पहले ही गिरफ्तार

हिसार पुलिस इस मामले में अब तक भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के मुताबिक, सीआईए मिल गेट, एसटीएम थाना और हिसार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुजरात के जूनागढ़ में कार्रवाई की। टीम ने रमेश अत्री समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।