मध्य प्रदेश के सेंट्रल जेल में दो कैदियों के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पहला केस भोपाल केंद्रीय जेल का है। जहां हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक गौशाला में गौसेवक के रूप में कार्य करता था। वहीं दूसरा मामला जबलपुर सेंट्रल जेल का है, जहां एक विचाराधीन बंदी ने शौचालय में तौलिये से फंदा बनाकर झूल गया। दोनों ने यह कदम क्यों उठाया ? फिलहाल इसका कारण अज्ञात है। संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी ने लगाई फांसी

शब्बीर अहमद, भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी ने फांसी लगा ली। जेल में बनी गौशाला में पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाकर झूल गया। मृतक का नाम गुड्डू आदिवासी बाड़ी जिला रायसेन बताया जा रहा है। वह 2017 में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। जेल में गौशाला में गौसेवक के रूप में कार्य करता था। फिलहाल गांधीनगर पुलिस ने गांधी मेडिकल कॉलेज स्थित मर्चुरी में शव रखवा दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: MP में तीन सुसाइड: जुन्नारदेव में गर्भवती महिला ने लगाई फांसी, अमरवाड़ा में पेट पर लटका मिला शव, शमशाबाद में सिस्टम से परेशान बुजुर्ग किसान ने दी जान

जबलपुर में विचाराधीन बंदी ने किया सुसाइड

कुमार इंदर, जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल में भी एक विचाराधीन बंदी ने सुसाइड कर लिया। जेल के अस्पताल खंड के वार्ड नबंर तीन स्थित शौचालय में फांसी लगा ली। मृतक कैदी का नाम गुड्डू उर्फ राजा विश्वकर्मा था। जिसे धारा 103,140,238 के तहत 16 अगस्त 2024 को केंद्रीय जेल में बंद किया गया था। वह शुगर और अन्य बीमारियों से भी पीड़ित था। हालांकि अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

ये भी पढ़ें: क्रिकेट, कुआं और काल: कुएं से गेंद निकालने के दौरान दो बच्चों की मौत, जन्मदिन पर इकलौते बेटे की लाश देख तड़प उठी मां

केंद्रीय जेल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। संबंधित थाने के साथ सिविल लाइन थाना पुलिस इस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। उप जेलर मदन कमलेश ने बताया कि 60 वर्षीय कैदी गुड्डू उर्फ राजा विश्वकर्मा, जो संजीवनी नगर रहने वाला था, उसने आत्महत्या कर ली है। अस्पताल वार्ड के टॉयलेट में तौलिये से फांसी लगा ली। तत्काल जेल के डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद संबंधित थाने में सूचना दी गई। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m