हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने औंगद गांव में महाराजा पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति का अनावरण किया और युवाओं से काम व क्रोध पर विजय पाने की अपील की।
सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा है कि नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन से सीख लेनी चाहिए। श्री राणा रविवार को करनाल के औंगद गांव में समस्त क्षत्रिय समाज की ओर से आयोजित महाराजा पृथ्वीराज चौहान की जयंती एवं भव्य मूर्ति अनावरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंतियां इसलिए मनाई जाती हैं ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतार सके। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि काम और क्रोध पर पूरी तरह विजय प्राप्त करके ही कोई साधारण व्यक्ति समाज में महापुरुष बन सकता है।

महापुरुषों के जीवन से लें प्रेरणा
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप और सम्राट पृथ्वीराज चौहान जैसे महान राष्ट्रनायकों के गौरवशाली इतिहास को याद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर योद्धाओं की जयंती और शौर्य गाथाएं किसी एक क्षेत्र या समाज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे प्रदेश के सभी जिलों को मिलकर इसे बड़े स्तर पर मनाना चाहिए। महाभारत काल और भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र उपदेशों का संदर्भ देते हुए उन्होंने उपस्थित जनसमूह को समझाया कि मनुष्य को जीवन में लोभ और लालच की भावना से सर्वथा मुक्त रहना चाहिए। सभी को समाज कल्याण के लिए निष्काम कर्म की राह पर आगे बढ़ना चाहिए।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान का अद्भुत शौर्य
सम्राट पृथ्वीराज चौहान के अदम्य साहस को नमन करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि इतिहास में ऐसा दूसरा उदाहरण नहीं मिलता, जहां किसी राजा ने बंदी होने के बाद भी शब्दभेदी बाण से शत्रु का खात्मा किया हो। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों और विदेश में रह रहे उन प्रवासी युवाओं की सराहना की, जिन्होंने अपनी मातृभूमि के प्रति गहरा लगाव दिखाया। इस भव्य समारोह में पूर्व सांसद बृज भूषण, असंध के विधायक योगेंद्र राणा और पूर्व विधायक शशि परमार ने भी अपने विचार रखे। इस गौरवशाली मौके पर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू और पूर्व मंत्री संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

