दिल्ली के स्वरूप नगर में नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Wadra) ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 17 वर्षीय लड़की के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कुछ ही दिनों पहले एक और नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और हिंसा के मामलों में पीड़ितों को अपराधियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की उम्मीद नहीं रहती और कई मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती।  उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार और समाज की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं को सुरक्षा, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार मिलना चाहिए।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि देश में महिला सुरक्षा के लिए कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है और महिलाओं के विकास के नाम पर सिर्फ खोखली बातें की जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि सैकड़ों महिलाएं अत्याचार और हिंसा का सामना करती हैं, लेकिन उन्हें अपराधियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की उम्मीद नहीं रहती और कई मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती। उन्होंने आगे कहा कि समाज और सरकार दोनों महिलाओं को सुरक्षा, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार देने में पूरी तरह विफल रहे हैं।

NCW ने लिया स्वतः संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग ने बाहरी उत्तर दिल्ली में 16 वर्षीय लड़की के कथित गैंगरेप और हत्या की खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है। NCW अध्यक्ष विजया रहाटकर ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर मामले की समयबद्ध जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने जांच से जुड़े फोरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस से सात दिनों के भीतर अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। मामले में तीन नाबालिगों समेत चार संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ा है और जांच जारी है।

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा था निशाना

इससे पहले शुक्रवार को राहुल गांधी ने भी दिल्ली में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित गैंगरेप और हत्या की घटना को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि लड़की के साथ गैंगरेप किया गया, उसकी हत्या के बाद शव खुले मैदान में फेंक दिया गया और पुलिस को कई दिनों तक इसकी जानकारी नहीं थी। एक्स पर अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया था कि दिल्ली पुलिस उनके नियंत्रण में है तो महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। राहुल गांधी ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और सजा की मांग की थी। साथ ही उन्होंने मामले में कथित लापरवाही की जवाबदेही तय करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं की सुरक्षा के बिना भारत आगे नहीं बढ़ सकता।

केशवपुरम में भी रेप का मामला, आरोपी गिरफ्तार

इसी बीच दिल्ली के केशवपुरम थाने में दर्ज रेप के एक मामले में पुलिस ने 32 वर्षीय आरोपी विकास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 43 वर्षीय महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर आंखों की जांच कराने के बहाने महिला को अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने महिला को बेहोश कर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m