कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर की जर्जर और धंसती सड़कों की जांच अब हाईकोर्ट की निगरानी में लगातार जारी है। शहर की कई सड़कों के बाद अब चेतकपुरी रोड की भी खुदाई कर निर्माण सामग्री के सैंपल लिए गए हैं। हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित जांच कमीशन की निगरानी में सड़क की अलग-अलग परतों की जांच की जा रही है। अब इन सैंपलों की रिपोर्ट हाईकोर्ट में 08 सितंबर को पेश होगी, जिसके बाद सड़क निर्माण की गुणवत्ता और लापरवाही की असल तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

दरअसल, ग्वालियर में लगातार सड़कें धंसने और निर्माण गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बाद हाईकोर्ट ने मामले को गंभीरता से लिया है। इसी के तहत गठित जांच कमीशन शहर की अलग-अलग सड़कों की जमीनी हकीकत की पड़ताल कर रहा है। कमीशन की निगरानी में चेतकपुरी रोड पर जेसीबी और मशीनों से सड़क की खुदाई कर अलग-अलग परतों से सैंपल लिए गए। सड़क की सतह, डामर, गिट्टी और बेस मटेरियल समेत निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें: मार्च में बनी 55 लाख की पुलिया बारिश में ढही! ग्रामीणों ने सड़क जाम कर डिप्टी CM से लगाई गुहार

जांच के दौरान कमीशन के सदस्य, तकनीकी विशेषज्ञ और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सैंपलिंग की प्रक्रिया को निष्पक्ष रखने के लिए सड़क का चयन और सैंपल लेने की जगह पहले से सार्वजनिक नहीं की जा रही है। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार अलग-अलग सैंपल लेकर उन्हें सील किया जा रहा है। इनकी जांच PWD और ग्रामीण इंजीनियरिंग सेवा की लैब में होगी, जबकि जरूरत पड़ने पर तीसरे सैंपल की जांच देश की किसी प्रतिष्ठित लैब से भी कराई जा सकती है।

चेतकपुरी रोड पर पहले भी सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सड़क की खुदाई के दौरान अलग-अलग परतों की वास्तविक स्थिति देखी जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि निर्माण में तय मानकों का पालन हुआ था या गुणवत्ता में कहीं लापरवाही बरती गई। इससे पहले जांच कमीशन शहर की अन्य सड़कों की भी सैंपलिंग कर चुका है और अब जांच का दायरा NHAI की सड़कों तक पहुंच चुका है। अब सभी की नजर लैब रिपोर्ट पर टिकी है। क्योंकि सड़क की परतों से निकले ये सैंपल ही तय करेंगे कि ग्वालियर की सड़कें आखिर बार-बार क्यों धंस रही हैं और खराब निर्माण के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m