संजीव घनगस ,सोनीपत,। सुभाष चंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले नागरिकों के साथ सरल और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सोमवार को आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम ने कहा कि आमजन को कार्यालयों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।
समाधान शिविर में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनकी सुनवाई करते हुए एसडीएम ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एक शिकायत में फैमिली आईडी में गलत प्रॉपर्टी जुड़ जाने से वार्षिक आय बढ़ने का मामला सामने आया। इस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारी को जांच कर रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
वहीं एक अन्य शिकायत में बिजली का खंभा शिफ्ट करवाने की मांग की गई, जिस पर बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा सोलर योजना की सब्सिडी दिलाने, गांव बैंयापुर में जल निकासी व्यवस्था सुधारने और नई पुलिया निर्माण की मांग भी शिविर में उठाई गई।

गांव जाजी में गैर मुमकिन जोहड़ की सफाई और खुदाई करवाने संबंधी शिकायत भी प्रशासन के समक्ष रखी गई। इसके अलावा जमीन से निकले वृक्षों की कीमत का हिस्सा जारी करवाने और बीपीएल लाभार्थियों के फ्लैटों के लिए जमा राशि वापस दिलाने जैसी शिकायतों पर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर राजदीप मोर, तहसीलदार कीर्ति, डीडीपीओ मनीष मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

