Bihar Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही आज चौथे दिन शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई। विपक्षी सदस्य अपने अपने स्थान पर खड़ा होकर हंगामा करने लगे। विपक्षी सदस्य कल पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध कर रहे थे। उनके हाथ में तरह-तरह के पोस्टर भी थे, जिसके जरिए सरकार से नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज को लेकर जवाब मांगा जा रहा था। इस दौरान वे ‘लीठी गोली की सरकार नहीं चलेगी’ और ‘छात्रों पर अत्याचार बंद करो’ जैसे नारे भी लगा रहे थे।
दोपहर 2 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित
विस स्पीकर प्रेम कुमार विपक्ष को बार-बार अपने स्थान पर बैठने का निर्देश दे रहे थे। लेकिन वे एक भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। हंगामे को बढ़ता देख विस अध्यक्ष ने कहा कि, यह कोई युद्ध का मैदान नहीं है। इतना कहने के बाद उन्होंने दोपहर 2 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
वे छात्र नहीं गुंडे थे- बीजेपी विधायक
कार्यवाही स्थगित होने से पहले सदन में अपनी बात को रखते हुए बीजेपी के विधायक श्याम बाबू यादव ने कहा कि, कल बुधवार को डाकबंगला पर उनकी गाड़ी पर सैकड़ों की संख्या छात्र हमला कर दिया था। उन्होंने कहा कि, हमला करने वाले छात्र नहीं हो सकते। छात्र के भेष में वे गुंडे थे। भाजपा विधायक के इस बयान पर विपक्षी सदस्यों ने जमकर विरोध जताया। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर नोंकझोंके हुई।
सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक बेल में एक दूसरे के सामने पहुंच गए। हालांकि मार्शल ने बीच बचाव किया। दोनों तरफ से देख लेने की धमकी और हाथापाई होते-होते बचा। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
अनुपूरक बजट पर होनी थी चर्चा
मानसून सत्र के चौथे दिन यानी की आज वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुपूरक व्यय विवरणी (अनुपूरक बजट) पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके बाद विभिन्न विभागों के लिए प्रस्तावित अतिरिक्त बजटीय प्रावधानों पर सदस्यों के बीच वाद-विवाद कराया जाएगा। चर्चा पूरी होने के बाद अनुपूरक व्यय विवरणी को सदन की स्वीकृति के लिए मतदान कराया जाएगा।
इसके साथ ही, इससे संबंधित विनियोग विधेयक पर भी चर्चा होगी और सदन की मंजूरी मिलने के बाद इसे पारित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे सरकार को अनुपूरक बजट के तहत स्वीकृत राशि खर्च करने का वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा। बता दें कि सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सरकार की ओर से 87,383.4301 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया है।
ये भी पढ़ें- Patna Student Protest: पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, 500 के खिलाफ FIR दर्ज, 40 से अधिक गिरफ्तार!


