कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़।हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को स्पेशल हाई पावर परचेज कमेटी (SHPPC) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न खरीद एवं रेट कॉन्ट्रैक्ट प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान ₹18 करोड़ से अधिक के खरीद और रेट कॉन्ट्रैक्ट प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट, ऑडियोमीटर और डायलिसिस सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव सिंह ने अधिकारियों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और विभिन्न प्रस्तावों की तकनीकी एवं वित्तीय स्थिति पर प्रस्तुति दी। मंजूर किए गए प्रस्तावों से प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।