सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार के सिंगरौली आगमन पर सियासी पारा चढ़ गया। वे देशव्यापी नीट परीक्षा (NEET) में हुई कथित धांधली और स्थानीय स्तर पर आयोजित हो रहे सिंगरौली महोत्सव के विरोध में मोर्चा खोलने पहुंचे थे।

​अभिषेक सिंह परमार के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता माजन चौक पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने आगे बढ़ रहे थे। हालांकि, कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाई और ज्ञापन सौंपने से पहले ही माजन चौक पर अभिषेक सिंह परमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें सीधे जिला जेल पचौर ले गई।

ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीककांड: सीधी में NSUI कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन, सांसद राजेश मिश्रा के आवासीय कार्यालय का किया घेराव 

CBI जांच की मांग

​गिरफ्तारी से पहले मीडिया से बात करते हुए परमार ने कहा कि नीट परीक्षा ने लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है, जिसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ युवा और जनता परेशान है, वहीं दूसरी तरफ सिंगरौली महोत्सव के नाम पर जनता के पैसों की फिजूलखर्ची की जा रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का तीखा विरोध किया और सरकार पर आवाज दबाने का आरोप लगाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m