कुंदन कुमार, पटना। अभिनेत्री स्वरा भास्कर द्वारा हालही में फिल्म ‘पद्मावत’ में दिए गए जौहर पर सवाल उठाने को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है, जिसके विरोध में आज गुरुवार को विभिन्न संगठन के लोग राजधानी पटना की सड़कों पर उतरे और अपना विरोध जताया। डाक बंगला चौराहा पर दर्जनों की संख्या में आए लोगों ने स्वरा भास्कर की तस्वीर पर कालिख पोती। इस दौरान स्वरा भास्कर शर्म करो और स्वरा भास्कर हाय-हाय जैसे नारे भी लगाए गए।
‘इन्हें जौहर और शौहर में फर्क नहीं लगता’
इस प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। महिलाओं का साफ-साफ कहना है कि, जब तक स्वरा भास्कर माफी नहीं मांगती है, तब तक वह उसके खिलाफ प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से अभिनेत्री को गिरफ्तार कर जेल भेजने की भी मांग की है।
एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा कि, आपने (स्वरा भास्कर) तो कोई इज्जत नहीं दी। ऊपर से कह रही हैं कि जौहर करने वाली लड़कियां, क्षत्राणी औरतें वो गलत थीं। अगर हम होते तो हम मुसलमान के साथ बिस्तर पर आ जाते, लेकिन जौहर नहीं करते। तो जौहर और शौहर में इनको बहुत फर्क नहीं लगता है। यही फर्क बताने के लिए उनपर कालिका पोता गया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल स्वरा भास्कर ने एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म ‘पद्मावत’ के अंत में दिखाए गए जौहर के दृश्य के बारे में कहा था कि, इस तरह के दृश्यों का महिमामंडन करना गलत संदेश देता है और यदि कोई रेप सर्वाइवर (दुष्कर्म से बची महिला) इसे देखेगी, तो वह खुद को कायर महसूस कर सकती है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि स्वरा ने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली अन्य महिलाओं को ‘कायर’ कहा है, जिससे हमारी भावनाओं को ठेस पहुंची है।
ये भी पढ़ें- राजद की नई टीम और तेजस्वी का नया दांव, यादवों के पद घटेंगे, युवाओं और अति पिछड़ों को मिलेगी कमान



