नई दिल्ली में गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाली टीम के प्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में हर्ष दुबे, रण बहादुर सिंह चौहान और मृत्युंजय पाठक शामिल रहे। दोनों पक्षों ने बातचीत को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताया। अब अगली बैठक 7 सितंबर को होगी।

जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि 21 अगस्त के आंदोलन के बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टीम के सदस्यों से सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही प्रतिनिधियों से दोबारा मुलाकात होगी।

‘सर्व समाज के हित में सकारात्मक पहल’

हर्ष दुबे ने भी बैठक को संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने 21 अगस्त के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर नड्डा के साथ संक्षिप्त चर्चा की। टीम का प्रयास है कि आगे की बातचीत के जरिए सर्व समाज के हित में सकारात्मक और न्यायसंगत निर्णय तक पहुंचा जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी वर्ग के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य समान अवसर, न्यायसंगत व्यवस्था और राष्ट्रहित में जरूरी सुधार की मांग को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाना है।

‘जिसको जरूरत है, उसको आरक्षण मिले’

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रतिनिधियों ने कहा कि आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के बाद केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत कराने का आश्वासन मिला था। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में सुधार पर विस्तार से चर्चा हुई और उनका मानना है कि जिसे वास्तव में जरूरत है, उसे आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए।

प्रतिनिधियों ने यह भी साफ किया कि उन्होंने कभी आरक्षण खत्म करने की मांग नहीं की। उनका आंदोलन आरक्षण में सुधार को लेकर है। उन्होंने लोगों से बातचीत की प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की।

21 अगस्त को हुआ था जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

इससे पहले 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन हुआ था। इसके बाद 22 अगस्त को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रतिनिधियों से मुलाकात कर केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक कराने का भरोसा दिया था। अब 7 सितंबर की प्रस्तावित बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m