राजेश वर्मा ,नारायणगढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जनकल्याण एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता एसडीएम शिवजीत भारती ने की।

’12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के रहे’

पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं तथा केंद्र सरकार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं।

उन्होंने बताया कि आज देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

डॉ. सैनी ने केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है।4 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए गए हैं।10.5 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं।12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है।32 करोड़ महिलाओं के जनधन खाते खोले गए हैं। 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

16 से 18 जून तक लगेंगे शिविर

एसडीएम शिवजीत भारती ने बताया कि 16 से 18 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनकल्याण एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली और पानी की बचत, स्वच्छता, सौर ऊर्जा का उपयोग और नागरिक जिम्मेदारियों का पालन करके हर व्यक्ति देश के विकास में योगदान दे सकता है।

मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सहयोग की अपील

एसडीएम ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के आने पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग करें।

शिविर में बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मार्केट कमेटी, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन को दी।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन राकेश बिंदल , मार्केट कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।