चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस की विधानसभा चुनाव तैयारियों को लेकर बुधवार शाम होने वाली महत्वपूर्ण बैठक अब तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी. यह बैठक शाम इंदिरा भवन में होगी. इस बैठक में पंजाब की राजनीति को लेकर कई अहम चर्चा हो सकती है. पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल विधानसभा चुनाव को लेकर गठित कांग्रेस चुनाव समिति के सदस्यों के साथ रणनीतिक चर्चा करेंगे.

आपको बता दें कि नीट मुद्दे पर दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन और उसके बाद बने हालात के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी तथा सांसद एवं कोर कमेटी के अध्यक्ष सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था, इस कारण यह निर्णय लिया गया था.

बड़ी बात यह है कि पंजाब कांग्रेस में चल रहे विवाद के बाद वड़िंग व चन्नी इस बैठक में पहली बार राजा वड़िंग और चरणजीत सिंह चन्नी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर एक साथ विस्तृत चर्चा करेंगे. पार्टी नेतृत्व चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों को अंतिम रूप देने पर भी विचार करेगा.

सम्भल रही है परिस्थित

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि बैठक में लिए गए फैसलों के आधार पर आगामी चुनाव अभियान की रूपरेखा तय की जाएगी. इसके अलावा प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी.

एक जुलाई को पंजाब कांग्रेस की चुनाव समितियों की घोषणा के बाद चरणजीत सिंह चन्नी समर्थक गुट ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने पर आपत्ति जताई थी, हालांकि कांग्रेस हाईकमान के स्पष्ट रुख के बाद चन्नी गुट धीरे-धीरे शांत हो रहा है.