Punjab News : पंजाब के लोगों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी खुशखबरी सामने आई है. हलवारा एयरपोर्ट से जल्द ही हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इस संबंध में केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने फेसबुक के जरिए जानकारी साझा की है. मंत्री के अनुसार, एयरपोर्ट से फ्लाइट्स की बुकिंग अप्रैल महीने में शुरू होगी, जबकि पहली उड़ान 10 से 15 मई के बीच शुरू होने की संभावना है.

शुरुआती चरण में दिल्ली और हलवारा के बीच रोजाना दो फ्लाइट्स चलाई जाएंगी. एक सुबह और एक दोपहर में. इन उड़ानों का संचालन 160 सीटों वाले एयरबस A320 इकोनॉमी विमान से किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
मंत्री बिट्टू ने कहा कि एयरपोर्ट के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और पंजाब में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा. इसे राज्य के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर नीति के चलते ही ऐसे प्रोजेक्ट साकार हो पा रहे हैं.
यह एयरपोर्ट एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और पंजाब सरकार का ज्वाइंट वेंचर है, जिसमें AAI की 51% और राज्य सरकार की 49% हिस्सेदारी है. पंजाब सरकार की ओर से इस प्रोजेक्ट को ग्लाडा (GLADA) ने पूरा करवाया है.
70 करोड़ में बना है स्कूल
एयरपोर्ट के निर्माण पर करीब 70 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, जिसमें 27 करोड़ रुपए टर्मिनल बिल्डिंग और 27 करोड़ रुपए टैक्सी-वे व पार्किंग एरिया पर खर्च हुए. इसके अलावा एप्रोच रोड पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च किए गए.वहीं, 161.27 एकड़ जमीन के बदले किसानों को करीब 39.40 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया गया, जिसमें प्रति एकड़ करीब ₹20.61 लाख (पुनर्वास भत्ते सहित) तय किया गया था. हलवारा एयरपोर्ट की शुरुआत के साथ पंजाब अब बेहतर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाने जा रहा है.
इन खबरों को भी पढ़ें
- पंजाब में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की दी सलाह
- पंजाब में सुबह से झमाझम बारिश, 30 मार्च तक जारी रहेगा असर
- पंजाब को बड़ी सौगात: केजरीवाल और CM मान ने किया 100 नए मोहल्ला क्लीनिकों का उद्घाटन, बेअदबी के दोषियों को अब होगी उम्रकैद
- पंजाब रचेगा इतिहास: पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी, CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान
- बरनाला के फरवाही में बड़ा हादसा: मकान गिरने से 3 मजदूरों की मौत, एक लापता

