सिरसा। हरियाणा के सिरसा बस स्टैंड स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम में पंजाब रोडवेज का एक कंडक्टर अर्धनग्न अवस्था में सोता हुआ मिला। घटना उस समय सामने आई जब देर रात एक महिला एटीएम से पैसे निकालने पहुंची। कंडक्टर को इस हालत में देखकर महिला घबरा गई और उसने बस स्टैंड पुलिस चौकी में शिकायत दी।
शिकायत मिलने के बाद चौकी पर तैनात एक होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचा। उसने कंडक्टर को एटीएम से बाहर जाकर सोने के लिए कहा, लेकिन उसने बाहर जाने से इनकार कर दिया। इस दौरान होमगार्ड ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो में होमगार्ड यह कहते हुए दिखाई देता है कि यदि रात के समय कोई महिला पैसे निकालने आए तो ऐसी स्थिति में क्या होगा। इस पर कंडक्टर ने दावा किया कि वह हरियाणा रोडवेज के एक कर्मचारी की अनुमति से एटीएम में सो रहा है और तड़के तीन बजे वहां से चला जाएगा।
वीडियो बनाए जाने का विरोध करते हुए कंडक्टर ने होमगार्ड पर पहले समझाने और बाद में वर्दी पहनकर रौब दिखाने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, उसने वीडियो बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा, “वीडियो बंद कर, नहीं तो थप्पड़ पड़ेंगे।”
मामला रोडवेज प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद अधिकारियों ने तुरंत प्रभाव से जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


