अजय सैनी, भिवानी। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा लगातार जारी है. इस खेल प्रतियोगिता में हरियाणा के भिवानी जिले के मुक्केबाजों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सभी को हैरान कर दिया है. भिवानी की 4 महिला और 1 पुरुष मुक्केबाज ने अपने-अपने वर्ग के अंतिम मुकाबले में प्रवेश कर लिया है. खिलाड़ियों की इस बड़ी सफलता से देश भर के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
बेटियों ने रिंग में दिखाया जोरदार दम
महिला वर्ग के मुकाबलों में भिवानी की बेटियों ने एकतरफा जीत दर्ज की है. 51 किलोग्राम भार वर्ग में गांव धनाना की साक्षी चौधरी ने कनाडा की खिलाड़ी को 5-0 से हराकर अंतिम मुकाबले में जगह बनाई. अब उनका मुकाबला इंग्लैंड की मुक्केबाज से होगा. वहीं 54 किलोग्राम वर्ग में गांव बड़ेसरा की प्रीति पंवार ने जाम्बिया की खिलाड़ी को 5-0 से मात दी. उनका अगला मुकाबला कनाडा की खिलाड़ी से होगा. 57 किलोग्राम वर्ग में जैस्मीन लंबोरिया ने लेसोथो की प्रतिद्वंद्वी को हराकर अपनी जगह पक्की की. 60 किलोग्राम वर्ग में धनाना की ही प्रिया घणघस ने इंग्लैंड की खिलाड़ी को 5-0 से हराकर अंतिम दौर का टिकट कटाया.
पुरुषों में भी चमका भिवानी का नाम
पुरुष वर्ग की स्पर्धा में गांव मित्ताथल के सचिन सिवाच ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. सचिन ने सेमीफाइनल मैच जीतकर अंतिम दौर में अपनी जगह बना ली है. भिवानी शहर को मुक्केबाजी की नर्सरी कहा जाता है. एक ही जिले से 5 खिलाड़ियों का अंतिम दौर में पहुंचना क्षेत्र के लिए बेहद गर्व की बात है. अब पूरे देश को इन पांचों खिलाड़ियों से स्वर्ण पदक की उम्मीदें हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


