दीनानगर. पंजाब में पिछले कई दिनों से चल रही नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब खत्म हो गई है. इसके साथ ही शहर के अलग अलग जगहों में कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं. आलम यह है कि गंदगी के कारण शहरभर में गन्दी बदबू से लोग त्रस्त हो चुके हैं, इन सभी के बीच नगर परिषद अध्यक्ष बलजीत सिंह पाहड़ा के निर्देश पर गुरदासपुर के सफाई कर्मचारियों ने तुरंत अपना काम शुरू कर दिया है.

साथ ही 48 घंटों में पूरा कचरा साफ करने का अल्टीमेटम भी दिया गया है. सफाई कर्मचारियों ने कल शाम से ही शहर के अलग-अलग इलाकों में सफाई शुरू कर दी थी, लेकिन कई दिनों से चल रही हड़ताल के कारण शहर में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं.

नगर परिषद के अध्यक्ष बलजीत सिंह पाहड़ा आज सुबह-सुबह शहर में निकले और जंगी स्तर पर कूड़े के ढेर हटाने शुरू कर दिए. शहर से कूड़ा हटाकर डंप तक ले जाने के लिए प्राइवेट गाड़ियों और JCB का इंतज़ाम किया गया है और उनकी कोशिश है कि 48 घंटे के अंदर शहर का सारा कूड़ा हटा दिया जाए क्योंकि बारिश के कारण कूड़े के ढेरों से आने वाली बदबू के कारण शहर के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, कूड़े के ढेर हटने से शहर के लोगों ने भी राहत की सांस ली है और नई बनी नगर परिषद अध्यक्ष के प्रयासों की शहर के लोग भी तारीफ कर रहे हैं.

पंजाब में होने लगी थी हालात बदतर

आपको बता दें लगातार कई दिनों तक चलने वाली हड़ताल के कारण पंजाब के अधिकांश शहरों में कचरा का ढेर गया था. लोग कचरे की बदबू और सफाई नहीं होने से परेशान होने लगे थे लेकिन इससे अलग सफाई कर्मचारी अपनी मांग को पूरा करने के लिए अडिग रहे. अच्छी बात यह रही कि अब मध्यस्थता के साथ हड़ताल खत्म हो चुकी है और एक बार फिर से सफाई कर्मचारी पंजाब के सभी शहरों में सफाई व्यवस्था को सही करने में जुट गए हैं.