चंडीगढ़: पंजाब के तरनतारन से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। बहन के प्रेम विवाह से नाराज उसके भाइयों ने कथित तौर पर अपने जीजा को सड़क पर घेर लिया और बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने युवक के चेहरे पर चाकू से एक-दो नहीं, बल्कि 83 वार किए। उसकी दोनों आंखों पर भी चाकू से हमला किया गया।
जानकारी के मुताबिक, कद्दूगिल निवासी जगजीत सिंह उर्फ जगी (25) ने नौशेराबाद गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। परिवार की नाराजगी के बावजूद करीब एक महीने पहले दोनों घर से चले गए और शादी कर ली। शादी के कुछ दिन बाद जगजीत अपनी पत्नी के साथ घर वापस भी आ गया था।
सास से मिलने निकला था जगजीत
रविवार को जगजीत अपनी सास से मिलने के लिए मोटरसाइकिल से निकला था। करीब 11:40 बजे वह बस अड्डा छोड़कर आगे गया। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:02 बजे बस अड्डे के बाहर उसके सालों जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने उसे घेर लिया।
चार मिनट तक चाकुओं से हमला
आरोप है कि दोनों के हाथों में चाकू थे। जगजीत बाइक से फुटपाथ पर गिरा तो हमलावरों ने उसे सड़क पर दबोच लिया और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। करीब चार मिनट तक उस पर चाकुओं से वार किए गए। हमलावरों ने उसके चेहरे को बुरी तरह जख्मी कर दिया और आंखों को भी निशाना बनाया।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। गंभीर रूप से घायल जगजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी जसमपाल सिंह बहोड़ू, थाना सिटी प्रभारी परमजीत सिंह किरती और सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रणदीपपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वारदात के पीछे बहन के प्रेम विवाह से नाराजगी को वजह बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



