चंडीगढ़. पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है. बादल छाने के साथ यहां बारिश की संभावना बनी हुई है, यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से निर्मित हुई है. यही कारण है कि राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने 12 जिलों में तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. लोगो को बदलते मौसम में एहतियात बरतने की सलाह दी गई है.

12 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

वहीं पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसी के साथ , गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं.

जानकारी मिली है कि पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. तापमान सामान्य के आसपास पहुंच गया है. फरीदकोट 34.9 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा. मौसम में आए बदलाव के बाद अब सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने के आसार हैं.