पूर्णिया। के. हाट थाना क्षेत्र के कॉलेज चौक के पास रेणु नगर में एक BPSC शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय शालिनी के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के रानीगंज में प्लस-टू स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। इस सनसनीखेज वारदात को मृतका के पति राजकुमार यादव ने ही अंजाम दिया है, जो कॉपरेटिव बैंक में डाटा ऑपरेटर के रूप में काम करता था। घटना के बाद से आरोपी पति फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन से शुरू हुआ खूनी संघर्ष
शालिनी और उसके पति राजकुमार यादव की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उनके दो बेटे (उम्र 9 और 4 वर्ष) हैं। परिवार के मुताबिक, दो साल पहले दंपती ने पूर्णिया के बाघमारा में करीब 32 लाख रुपये में दो कट्ठा जमीन खरीदी थी। यह जमीन शालिनी के नाम पर थी, जिसमें राजकुमार ने करीब 10 लाख रुपये दिए थे और बाकी पैसे शालिनी ने लगाए थे। राजकुमार अपनी पत्नी से लगातार वही 10 लाख रुपये वापस मांग रहा था क्योंकि उसका कहना था कि उसे जमीन नहीं चाहिए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन मारपीट और विवाद होता रहता था।
भाई और बच्चों के सामने हुआ खूनी खेल
मृतका के भाई विक्रम ने बताया कि 9 अगस्त की शाम करीब 5 बजे से ही राजकुमार और शालिनी के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने शालिनी और बच्चों के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद राजकुमार घर से निकल गया था और शालिनी ने वीडियो कॉल कर अपने भाई को पूरी बात बताई थी। रात के समय, जब शालिनी खाना बना रही थी, तब आरोपी ने वापस आकर उसे सीने में गोली मार दी। घटना के तुरंत बाद 9 साल के मासूम भांजे ने अपने मामा को वीडियो कॉल कर खून से लथपथ पड़ी मां और पूरी घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे मृतका के मामा ने भी बच्चों के हवाले से बताया कि आरोपी ने धमकी देने के बाद इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच और अन्य एंगल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतका के शरीर से 6 एमएम की गोली बरामद की गई है। मृतका के भाई के आवेदन पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। दूसरी ओर, स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं के अनुसार इस पारिवारिक कलह के पीछे कुछ अन्य विवाद और आपसी संबंधों की बातें भी सामने आ रही हैं, जिनकी पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।


