मां भगवती निकेतन शहजादपुर की मेधावी छात्रा पूर्णिमा ने नीट-2026 में 599 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 10248 हासिल की है। इस शानदार सफलता से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

राजेश वर्मा, अंबाला। मां भगवती निकेतन, शहजादपुर की मेधावी छात्रा पूर्णिमा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में 599 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 10248 हासिल की है। इस शानदार सफलता से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य नरेश गुप्ता ने पूर्णिमा को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पूर्णिमा की सफलता उसकी कठिन मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्धता

प्राचार्य नरेश गुप्ता ने कहा कि मां भगवती निकेतन सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और उत्कृष्ट व्यक्तित्व से भी समृद्ध बनाना है। पूर्णिमा की सफलता इस दिशा में विद्यालय के सतत प्रयासों का प्रमाण है।

विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने भी पूर्णिमा को बधाई देते हुए उसकी लगन, मेहनत और नियमित अध्ययन की सराहना की। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि वह भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेगी और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेगी।

परिवार में हर्ष का माहौल

इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने पूर्णिमा के माता-पिता को भी बधाई दी और कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों का सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालय प्रबंधन ने पूर्णिमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसके आगामी चिकित्सा शिक्षा के सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि पूर्णिमा एक शिक्षित एवं सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित परिवार से हैं। उनकी दादी श्रीमती राज कुमारी शर्मा सेवानिवृत्त अध्यापिका हैं तथा दादा श्री योगेंद्र मोहन शर्मा नारायणगढ़ अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार हैं।

परिवार ने पूर्णिमा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ने यह सफलता दिलाई है। उन्होंने कहा कि परिवार को पूर्ण विश्वास है कि वह भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेगी।