पटना/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बिहार से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चियां और एक महिला भी शामिल हैं।
135 किमी/घंटा की रफ्तार बनी काल
यह भीषण हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 238 के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार लगभग 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि खड़े ट्रेलर से टकराते ही कार का अगला हिस्सा और छत पूरी तरह पिचक गए। कार का केबिन और सीटें बुरी तरह तबाह हो गईं। हादसे के बाद क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटाना पड़ा। जिस ट्रेलर से टक्कर हुई, उस पर राजस्थान का नंबर दर्ज है।
मृतकों में दो बच्चियां और महिला शामिल
पुलिस को तलाशी के दौरान मौके से मनीष श्रीवास्तव नाम की एक आईडी मिली है, जिसके आधार पर मृतकों की पहचान की जा सकी। मारे गए लोग बिहार के सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
- मनीष कुमार श्रीवास्तव (43 वर्ष)
- कंचन देवी (40 वर्ष) – पत्नी मनीष कुमार
- आस्था कुमारी (16 वर्ष) – पुत्री मनीष कुमार
- अदिति (11 वर्ष) – पुत्री मनीष कुमार
- हादसे में मारे गए पांचवें व्यक्ति (पुरुष) के शव की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।
फरीदाबाद के घर पर मिला ताला, सीवान पुलिस से संपर्क
मनीष श्रीवास्तव के पास मिले पहचान पत्र में एक पता हरियाणा के फरीदाबाद का भी था। जब पुलिस वहां जांच के लिए पहुंची, तो घर पर ताला लटका मिला। इसके बाद आजमगढ़ पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित करने और आगे की शिनाख्त के लिए बिहार की सीवान पुलिस से संपर्क साधा है।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल-112 पर हादसे की सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस, सीओ सिटी, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सभी शवों को क्रेन और कटर की मदद से कार से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास जारी है।

