पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जब से सत्ता गई है तब से उनके लोगों के खिलाफ खुलकर आवाज़े उठने लगी हैं. ताजा मामला ममता बनर्जी के भाई स्वपन बनर्जी का आया है जिनपर एक साथ कई खेल संगठनों में बड़े पदों पर कुंडली मार कर बैठने के आरोप लग रहे हैं. राज्य में TMC की सरकार के रहते स्वपन के खिलाफ किसी की बोलने की हिम्मत नहीं थी लेकिन अब उनके इस्तीफे की मांग उठने लगी है. बंगाल ओलंपिक एसोसिएशन ने उन्हें नोटिस भेजकर साफ कहा है कि एक पद चुनो, बाकी सब छोड़ो.
बंगाल ओलंपिक एसोसिएशन यानी BOA ने 8 मई को एक आधिकारिक चिट्ठी भेजी है. यह चिट्ठी स्वपन बनर्जी को भेजी गई है, जो BOA के एग्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर भी हैं. BOA के ऑनरेरी जनरल सेक्रेटरी जहर दास ने यह चिट्ठी साइन की है.
स्वपन बनर्जी के पास इस वक्त कितने पद हैं?
उनके पास एक साथ कई बड़े पद हैं.पहला – वेस्ट बंगाल प्रोग्रेसिव बॉक्सिंग एसोसिएशन के सेक्रेटरी. दूसरा – बंगाल स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन के प्रेसिडेंट. तीसरा – वेस्ट बंगाल स्टेट हैंडबॉल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट. और इसके अलावा वे बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के जॉइंट सेक्रेटरी भी हैं. यानी एक इंसान के हाथ में एक साथ चार-चार बड़े पद.
नियम क्या कहता है?
इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन यानी IOA के नियमों में आर्टिकल 27.3 साफ कहता है कि एक राज्य में किसी एक खेल संगठन का पदाधिकारी किसी दूसरे राज्य खेल संगठन का मेंबर नहीं हो सकता. मतलब एक राज्य में एक इंसान एक साथ कई खेल संगठनों में बड़े पद नहीं रख सकता. स्वपन बनर्जी के पास एक नहीं, बल्कि तीन-तीन ऐसे पद हैं. यह सीधे-सीधे IOA के नियमों का उल्लंघन है.
BOA ने क्या कहा?
BOA ने नोटिस में साफ कह दिया है कि स्वपन बनर्जी को जल्द से जल्द यह तय करना होगा कि वे किस एक संगठन में रहना चाहते हैं. बाकी सभी पदों से उन्हें इस्तीफा देना होगा. BOA ने यह नोटिस सिर्फ स्वपन बनर्जी को नहीं भेजा. इसकी कॉपी इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के प्रेसिडेंट को भी भेजी गई है. साथ ही पश्चिम बंगाल सरकार के यूथ सर्विसेज और स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को भी यह चिट्ठी दी गई है. यानी यह मामला अब सिर्फ BOA और स्वपन बनर्जी के बीच नहीं रहा. IOA और राज्य सरकार दोनों को इसकी जानकारी दे दी गई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

