संदीप शर्मा, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के ग्राम भौरिया में विवाहिता सलोनी की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के पिता मीठालाल ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की मौत दहेज प्रताड़ना का परिणाम है और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपी अब तक गिरफ्तारी से बाहर हैं।

परिजनों के अनुसार शादी के बाद सलोनी को लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से महंगे वाहन और बड़ी रकम की मांग की जा रही थी। सलोनी कथित तौर पर अपने मायके वालों को इस बारे में जानकारी भी देती थी।

READ MORE: हाथ में शराब और सिगरेट की कश: सड़कों पर देर रात लड़कों के साथ ऐसा काम कर रही थी लडकियां, Video देख आप भी रह जाएंगे हैरान

परिवार का कहना है कि 13 मई 2026 को सलोनी की मौत की सूचना मिली। जहां ससुराल पक्ष इस घटना को आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष इसे साजिश के तहत हुई मौत मान रहा है। मामले को लेकर मृतका के पिता लगातार अधिकारियों से न्याय की मांग कर रहे हैं। इसी सिलसिले में परिजन एक बार फिर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि शिकायत और जांच प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया है।

READ MORE: गर्भवती दुष्कर्म पीड़िता ने खाया जहर, FIR दर्ज न होने से थी परेशान, CSP की दलील- ‘पुलिस नहीं प्रेमी से परेशान’

मृतका के पिता मीठालाल ने कहा कि उनकी एकमात्र मांग निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई है। वहीं, एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं, ताकि सलोनी की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सके। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m