कुंदन कुमार, पटना। राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव ने कल गुरुवार 11 जून को बेहद की खास और पारंपरिक अंदाज में अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर राबड़ी आवास में दिन भर पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आम लोगों का तांता लगा रहा, सभी ने लालू यादव से मुलाकात कर उन्हें उपहार भेंट किया और जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

राबड़ी आवास में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

वहीं, शाम होने पर राबड़ी आवास में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लौंडा नाच, भोजपुरी गानों के जरिए महफिल सजी और समां बांधा गया। लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती के साथ राजद के कई नेता और पार्टी कार्यकर्ता इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ उठाते हुए नजर आए।

राबड़ी देवी ने छोटू छलिया को दिया हीरे का कंगन

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी के मशहूर गायक छोटू छलिया ने अपने गानों के माध्यम से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान छोटू छलिया ने राबड़ी देवी के पोते के लिए भी एक सोहर गीत गाया, जिससे राबड़ी देवी इतनी ज्यादा खुश हुईं की उन्होंने गायक छोटू छलिया को उपहार में अपने हाथ में पहना हुआ हीरे से जड़ा कंगन उतारकर उन्हें भेंट स्वरूप दे दिया। राबड़ी देवी से यह कीमती उपहार और सम्मान पाकर वे काफी भावुक हो गए और हाथ जोड़कर राबड़ी देवी और लालू यादव का आभार जताया।

राबड़ी आवास में दिन भर चला जश्न और दावत

लालू यादव के जन्मदिन पर राज्य भर में राजद कार्यकर्ताओं ने इसे “सामाजिक न्याय एवं सद्भावना दिवस” के रूप में मनाया। वहीं, राबड़ी आवास में दिन भर आम से लेकर खास लोग लालू यादव को उनके जन्मदिन की बधाई देने के लिए पहुंचते रहे। इस खास मौके पर राबड़ी आवास में भोज का भी आयोजन किया गया था। जन्मदिन की बधाई देने पहुंच रहे लोगों को लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने अपने हाथ से खाना परोसा और खिलाया। राबड़ी आवास में दिन भर जश्न और दावत का यह सिलसिला जारी रहा।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: तीन दरोगा समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत, पुलिस महकमे में पसरा मातम