Bihar News: बिहार में गंगा, गंडक, कोसी और सोन समेत कई नदियों का पानी अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन बाढ़ की परेशानी अभी खत्म नहीं हुई है। राज्य के 14 जिलों की 423 से अधिक ग्राम पंचायतों में करीब 27.01 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। कटिहार, भागलपुर खगड़िया और राजधानी पटना के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। बाढ़ को लेकर सियासी पारा भी हाई हो चुका है। विपक्ष लगातार सरकार की तैयारियों को लेकर सवाल उठा रहा है। इस आपदा के बीच पूर्व सीएम और राजद की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी ने सम्राट सरकार पर करारा तंज कसा है।
‘सम्राट चौधरी पिएगा बिहार का सब पानी’
दरअसल कल मंगलवार को मीडिया ने पूर्व सीएम राबड़ी देवी से बिहार में बाढ़ की भयावह स्थिति को लेकर सवाल किया तो, उन्होंने सरकार की तैयारियों और कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया। इस दौरान राबड़ी देवी ने सीएम सम्राट चौधरी पर सीधा और करारा तंज कसते हुए कहा कि, ‘बिहार का सब पानी सम्राट चौधरी पिएगा।’ पूर्व सीएम के इस बयान के बाद राज्य की सियासी गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की इसपर सीएम सम्राट चौधरी या फिर बीजेपी के नेताओं की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा
राजधानी पटना में गंगा के जलस्तर में अब कमी आने लगी है। पिछले 24 घंटे में दीघा घाट पर 24 सेंटीमीटर और गांधी घाट पर 15 सेंटीमीटर पानी का जलस्तर घटा है। लेकिन खतरे के निशान से नीचे आने और स्थिति सामान्य होने में अभी करीब सप्ताह का समय लग सकता है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक अभी भी गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कल मंगलवार शाम 6 बजे तक गंगा का जलस्तर गांधी घाट पर 53.28 मीटर, दीघा घाट पर 51.42 मीटर और कंकड़बाग में 49.15 मीटर जलस्तर दर्ज किया गया। इन तीनों स्थानों पर गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
बाढ़ के पानी में डूबने से 10 की मौत
बिहार में बाढ़ के पानी में डूबने से अलग-अलग जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई है। इनमें भोजपुर के चार, बेगूसराय और पटना के तीन-तीन लोग शामिल हैं। पटना के मोकामा में दो और फुलवारीशरीफ में एक व्यक्ति की डूबने से जान चली गई। भोजपुर के शाहपुर, टाउन थाना, चरपोखरी और अन्य इलाकों में भी डूबने से चार लोगों की मौत हुई है।
वहीं, बेगूसराय के बलिया इलाके में एक युवती और एक किशोरी की जान चली गई। हाजीपुर में गांधी सेतु के नीचे बाढ़ के पानी में एक नाव बोल्डर से टकराकर डूब गई। नाव पर 11 लोग सवार थे, जिनमें से नौ को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दो लापता लोगों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें- PM Modi के जन्मदिन पर 10 लाख दीपों से जगमगाएगा बिहार, 8 हजार कार्यकर्ता करेंगे रक्तदान, जानें BJP का पूरा प्लान



