रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरा राजनीतिक और विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है .
मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय कार्यक्रम के दौरान जनपद को बड़ी सौगात देंगे. वह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे l इसके साथ ही, कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है.
इसे भी पढ़ें : सपा को 2027 में सैफई भेज देगी जनता, केशव मौर्य का अखिलेश पर बड़ा हमला
फिरोज गांधी कॉलेज के मैदान में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे .राजनीतिक रूप से रायबरेली लंबे समय से गांधी परिवार का मजबूत किला रहा है हालांकि, भाजपा पिछले कुछ वर्षों से यहाँ अपनी पैठ मजबूत करने में जुटी है. 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सदर और सलोन सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन लोकसभा चुनाव में उसे सफलता नहीं मिल सकी. ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा भरने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए महत्वपूर्ण है .
दौरे की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक और सांगठनिक स्तर पर हलचल तेज है. राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने तैयारियों की समीक्षा की है, वहीं आईजी किरण एस ने सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया. भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी ने बताया कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि जनसभा को ऐतिहासिक बनाया जा सके. शहर में सड़कों की मरम्मत और रंगाई-पुताई का काम भी युद्ध स्तर पर जारी है.

