रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. जनपद में इन दिनों राजनीतिक पारा अपने चरम पर है. कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, जन-जन के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ हाल ही में कुछ विरोधियों द्वारा की गई अमर्यादित, गैर-जिम्मेदाराना और भ्रामक बयानबाजी ने पूरे जिले में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है. सलोन विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और नेता अर्जुन पासी ने इस ओछी राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए विरोधियों को अपनी हद में रहने की सख्त चेतावनी दी है.

अर्जुन पासी ने मीडिया को जारी अपने बयान में स्पष्ट कहा कि जिन लोगों का अपना कोई जनाधार नहीं बचा है, वे केवल सस्ती लोकप्रियता और सुर्खियां बटोरने के लिए कांग्रेस नेतृत्व पर कीचड़ उछाल रहे हैं. उन्होंने कहा “ऐसे लोगों को यह गलतफहमी पालना छोड़ देना चाहिए कि वे झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर लेंगे. रायबरेली की जागरूक जनता सब जानती है. जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में संघर्ष करने वालों और केवल बंद कमरों में बैठकर बयानबाजी करने वालों के बीच का अंतर यहां का हर नागरिक भली-भांति समझता है.” अर्जुन पासी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ अपमानजनक भाषा और निराधार बयानबाजी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी.

इसे भी पढ़ें : किसने चुराया चंदा पता कीजिए… संसद परिसर में सिर पर दानपात्र लिए खड़े रहे अयोध्या सांसद, नजर चुराकर जाते दिखे भाजपाई

वहीं रायबरेली के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि रायबरेली का गांधी परिवार के साथ राजनीतिक नहीं, बल्कि पीढ़ियों पुराना भावनात्मक रिश्ता है. इस पवित्र रिश्ते पर चोट करने वालों को जनता आने वाले समय में करारा जवाब देगी.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और एक्स पर भी रायबरेली की जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर है. स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि वे अपने नेताओं के सम्मान की रक्षा के लिए किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार हैं. रायबरेली की गरिमा और उसके नेताओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को अब जनता के दरबार में हिसाब देना होगा.