रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की लचर स्थिति एक बार फिर हो गई है. रायबरेली जिला अस्पताल में व्हीलचेयर न मिलने पर एक बेटे को अपने बीमार पिता को पीठ पर लादकर पूरे अस्पताल में भटकना पड़ा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

महाराजगंज थाना क्षेत्र के सोथी गांव निवासी एक युवक अपने गंभीर रूप से बीमार पिता को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा. अस्पताल पहुंचते ही परेशानी शुरू हो गई. स्टाफ से व्हीलचेयर मांगी गई तो बार-बार यही जवाब मिला कि “व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं है”. पिता की हालत बिगड़ती देख बेटा मजबूरन उन्हें अपनी पीठ पर लादकर डॉक्टर के चैंबर और विभिन्न वार्डों तक ले गया. यह दर्दनाक मंजर अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने मोबाइल पर कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. लोग इसे ‘कलयुग का श्रवण कुमार’ कह रहे हैं .

इसे भी पढ़ें : ‘कानून राज’ में खाकी का खौफ खत्म! अस्पताल में घुसकर मरीज की गोली मारकर हत्या, ट्रेन में हो रहे हमलों ने बढ़ाई चिंता

बताते चलें कि महज तीन दिन पहले भी रायबरेली जिला अस्पताल का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक पीड़ित परिवार को इलाज के अभाव में फर्श पर लेटे हुए दिखाया गया था. लगातार हो रही ऐसी घटनाएं जिला अस्पताल की बदहाली को उजागर कर रही हैं. अस्पताल अधीक्षक या जिला स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. यह घटना न केवल एक परिवार की मजबूरी की कहानी है, बल्कि उत्तर प्रदेश के जिला अस्पतालों में व्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और संवेदनहीनता का जीता-जागता प्रमाण है.