रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में सप्लाई चेन प्रभावित होने से भारत में एलपीजी (रसोई गैस) की कमी गहरा गई है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज रूट पर असर पड़ने से आयात बाधित हुआ, जिसके चलते कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति ठप हो गई और घरेलू स्तर पर भी देरी बढ़ी है. केंद्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए उत्पादन बढ़ाया है, लेकिन पैनिक बुकिंग और अफवाहों से स्थिति भयावह हो गई है.
रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस संकट को लेकर जोरदार विरोध किया. डीएम कार्यालय के बाहर जमा होकर उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. कार्यकर्ताओं ने मांग की कि समस्या का तुरंत समाधान हो और उच्च स्तर पर इसे पहुंचाया जाए. यह प्रदर्शन यूपी के कई जिलों (बाराबंकी, अयोध्या, दतिया आदि) में कांग्रेस के इसी तरह के विरोध का हिस्सा है, जहां पार्टी महंगाई और गैस संकट पर केंद्र पर हमलावर है. संसद में भी कांग्रेस सांसदों ने प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें : ‘ये सारा खेल भाजपाई खेल रहे…’, LPG सिलेंडर की किल्लत को लेकर अखिलेश ने सरकार को घेरा, कहा- मजबूरी के हिसाब से कई गुना दाम वसूले रहे
गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ता होली से पहले से लोग चक्कर काट रहे हैं, लेकिन “गाड़ी आने पर मिल जाएगी” जैसे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा. कई एजेंसियों के शटर बंद हैं, सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं. जिलाधिकारी ने अपील की है कि एलपीजी पर्याप्त है, घबराएं नहीं. जिले में 56 एजेंसियां संचालित हैं. कालाबाजारी रोकने के लिए टीमें गठित, स्टॉक की जांच और निगरानी हो रही है. कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी. लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग की मांग की गई.
पर्याप्त स्टॉक है तो एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें क्यों?
दूसरी तरफ जिला मुख्यालय से तीस किलोमीटर दूर स्थित सलोन जगतपुर मार्ग के कहुआ इंडेन गैस एजेंसी के बाहर रात के साढ़े 9 बजे के बाद सैंकड़ों ग्रामीणों की लम्बी लम्बी लाइन लग गई. पुलिस सुरक्षा के बीच गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है. गैस लेने आए लोगों ने लाइन में घंटों खड़े होने के बावजूद गैस मिलने में देरी होने का दावा किया है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद छोटे होटल कामर्शियल गैस सिलेंडर न मिलने के कारण बंद होने कि कगार पर हैं. स्थानीय निवासी इरफान ने कहा कि वह सलोन जगतपुर सड़क मार्ग पर मौजूद कहुवा इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ता हैं. वह करीब दो घंटे से लाइन में सिलेंडर लेने के लिए लगे थे. रात के 10 बजकर 30 मिनट होने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल सकी. एजेंसी वाले जान पहचान वालों को सिलेंडर दे रहे हैं. करीब 200 से 250 लोग लाइन में लगे रहे. ऐसे में ये सवाल उठता है कि अगर सिलेंडर की कमी नहीं है तो इतनी लंबी लाइन क्यों लग रही है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

