रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. हरचंदपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी ने भाजपा सरकार और प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. राहुल लोधी ने कहा कि सपा विधायकों और लोधी समाज को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है, विधायक ने मौजूदा राजनीतिक हालात पर नाराजगी जताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.

राहुल लोधी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के इशारे पर समाजवादी पार्टी के विधायकों और लोधी समाज के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस तरह की कथित कार्रवाई केवल किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरे लोधी समाज और आम जनता के सम्मान से जुड़ा है.

इसे भी पढ़ें : कॉलेज गेट बना सियासी अखाड़ा : सपा और ABVP के बीच विवाद, दूसरे दिन भी सदस्यता अभियान जारी, सपाइयों ने लगाए ‘कोतवाल हटाओ’ के नारे

अखिलेश यादव के रायबरेली दौरे का दावा

राहुल लोधी ने वीडियो में दावा किया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 21 और 22 तारीख को रायबरेली पहुंचेंगे. उनके अनुसार, अखिलेश यादव के नेतृत्व में क्षेत्र में बड़ा आंदोलन किया जाएगा.