रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. जनपद में जारी अघोषित बिजली कटौती से आक्रोशित व्यापारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. सोमवार को शहर के सुपरमार्केट स्थित विद्युत विभाग उपखंड कार्यालय पर बड़ी संख्या में पहुंचे व्यापारियों ने जमकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

व्यापारियों का कहना है कि शहर में पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली कटौती की जा रही है, जिससे भीषण गर्मी में आम जनता बेहाल है और व्यापार पूरी तरह से ठप हो गया है. उन्होंने बताया कि इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती से न केवल घरों में परेशानी हो रही है, बल्कि दुकानों और प्रतिष्ठानों में भी काम करना मुश्किल हो गया है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.दफ्तर का घेराव करते हुए आक्रोशित व्यापारियों ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने बिजली आपूर्ति में तत्काल सुधार की मांग की.

इसे भी पढ़ें : जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादें, बोले- हर उचित समस्या का होगा निष्पक्ष समाधान

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है. व्यापारियों ने अधिकारियों से कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और जल्द से जल्द उचित कदम उठाएं ताकि आम जनता और व्यापारियों को राहत मिल सके.