रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा समाप्त होने के बाद जनसभा स्थल पर उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ लोगों के बीच मारपीट शुरू हो गई. बताया गया कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई. जिसके चलते मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद सभा स्थल से लोग बाहर निकल रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्थिति कुछ देर तक तनावपूर्ण बनी रही.
इसे भी पढ़ें : योगी के निशाने पर राहुल : रायबरेली में कहा- देश को आपसे अपेक्षा नहीं पर, नेता प्रतिपक्ष के रूप में जवाबदेही जरूरी
घटना के दौरान सभा स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी भी मौजूद थे. पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया. मारपीट की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है. यह भी पता नहीं चल पाया है कि विवाद में कितने लोग शामिल थे और किसी को चोट आई है या नहीं. मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर सभा स्थल पर पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां से लौट रहे थे. इसी दौरान हुई मारपीट का वीडियो बनाए जाने की भी चर्चा है.

